होटल मालिक से रंगदारी मांगने वाला शातिर अपराधी गोपाल वनवासी गिरफ्तार Gopal Vanvasi
![]() |
| Gopal Vanvasi Bageshwar |
बागेश्वर (उत्तराखंड): कोतवाली बागेश्वर पुलिस ने रंगदारी और अवैध वसूली करने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। पकड़े गए आरोपी की पहचान गोपाल राम (उर्फ गोपाल वनवासी), निवासी रीठा, गरुड़ के रूप में हुई है। आरोपी गोपाल वनवासी ने एक होटल व्यवसायी विक्रम सिंह दानू को उनके होटल भवन को 'अवैध निर्माण' बताकर उसे ध्वस्त कराने की धमकी दी थी। आरोपी ने पहले होटल मालिक से ₹40,000 वसूले और बाद में ₹2.5 लाख की और बड़ी रकम की मांग की। शिकायतकर्ता की तहरीर पर पुलिस ने धारा 308 (एक्सटॉर्शन) के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस उपाधीक्षक अजय शाह के नेतृत्व में टीम ने साक्ष्य जुटाए और आरोपी वनवासी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गोपाल वनवासी का पुराना अपराधिक इतिहास रहा है। यह रंगदारी का उसका तीसरा मामला है और वह पहले भी धोखाधड़ी जैसे मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस उपाधीक्षक ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी व्यक्ति इस तरह की धमकी या अवैध वसूली का शिकार होता है, तो वह बिना डरे तुरंत पुलिस को सूचना दे ताकि सख्त कार्रवाई की जा सके।

