कपकोट के बदियाकोट स्थित माँ भगवती मंदिर अग्निकांड: मुख्यमंत्री धामी ने दिए पुनर्निर्माण के शीघ्र आदेश, विधायक सुरेश गढ़िया ने की थी भेंट
![]() |
| मुख्यमंत्री से मिले कपकोट विधायक |
देहरादून। बीते 16 अक्टूबर 2026 को कपकोट के बदियाकोट स्थित आदि शक्ति माँ भगवती के प्राचीन एवं पावन मंदिर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। इसी क्रम में आज कपकोट के विधायक सुरेश गढ़िया ने देहरादून में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर मंदिर को पहुँची क्षति से अवगत कराया। विधायक सुरेश गढ़िया ने मुख्यमंत्री को बताया कि यह पावन धाम केवल 14 पट्टी दानपुर की ही नहीं, बल्कि संपूर्ण कुमाऊँ, गढ़वाल और देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था, सनातन परंपरा, लोक संस्कृति और करोड़ों भावनाओं का केंद्र है। इस दुखद अग्निकांड से श्रद्धालुओं के हृदय को गहरी ठेस पहुँची है।
विषय की संवेदनशीलता और जनभावनाओं को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संबंधित अधिकारियों को माँ भगवती मंदिर के पुनर्निर्माण कार्य को शीघ्र अतिशीघ्र प्रारंभ करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि "यह अग्निकांड मंदिर की भौतिक संरचना को क्षति पहुँचा सकता है, हमारी आस्था को नहीं। मंदिर की दीवारें प्रभावित हुई हैं, माँ भगवती के प्रति हमारा विश्वास नहीं।" उन्होंने विश्वास दिलाया कि उत्तराखंड सरकार हर परिस्थिति में जनता की आस्था, संस्कृति और परंपराओं के साथ मजबूती से खड़ी है।
माँ भगवती की कृपा से यह पवित्र धाम जल्द ही अपने भव्य, दिव्य और गौरवशाली स्वरूप में फिर से नजर आएगा। यह पुनर्निर्माण केवल एक मंदिर के निर्माण का कार्य नहीं है, बल्कि यह हमारी समृद्ध विरासत और सनातन संस्कृति के पुनः गौरव के साथ खड़े होने का एक दृढ़ संकल्प है।


Thank You