लोहाघाट-डूंगरालेटी मार्ग पर 200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, नेपाल से लौट रहे 5 लोग घायल
![]() |
| चंपावत खाई में गिरी कार |
लोहाघाट। लोहाघाट-डूंगरालेटी मार्ग पर शुक्रवार अपराह्न एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ एक अनियंत्रित कार करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में नेपाल मूल के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुँची राहत एवं बचाव टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला और उप जिला अस्पताल लोहाघाट पहुँचाया, जहाँ उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार अपराह्न करीब 3:35 बजे एक कार (संख्या HR 38 AH 7689) नेपाल स्थित अपने पैतृक गाँव से नवरात्र की पूजा-अर्चना कर हरियाणा के फरीदाबाद लौट रही थी। इसी दौरान डूंगरालेटी क्षेत्र के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार असंतुलित होकर 200 मीटर गहरी खाई में जा समाई।
पुलिस, एसएसबी और स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसएसबी और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम तुरंत मौके पर पहुँची। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया और कड़ी मशक्कत के बाद खाई में फँसे घायलों को बाहर निकाला गया। इसके बाद 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से सभी को तुरंत लोहाघाट उप जिला अस्पताल भेजा गया। दक्ष (17 वर्ष) – निवासी फरीदाबाद (हरियाणा), जगदीश सिंह (51 वर्ष) – निवासी फरीदाबाद (हरियाणा), सौरभ (25 वर्ष) – निवासी फरीदाबाद (हरियाणा), गौरव (27 वर्ष) – निवासी फरीदाबाद (हरियाणा), दशरथ सिंह (35 वर्ष) – निवासी नोएडा (उत्तर प्रदेश) के बताए जा रहे हैं।
फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। हालांकि, स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में सड़क की खराब स्थिति के कारण चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ा होगा। प्रशासन की ओर से दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक जांच की जा रही है।


Thank You