तेंदुए के हमले से ग्रामीण घायल, वन विभाग ने रेस्क्यू कर पिंजरे में किया कैद
![]() |
| घायाल ब्यक्ति |
चम्पावत। जिला मुख्यालय के निकटवर्ती ग्राम पंचायत सिमल्टा में शुक्रवार रात तेंदुए के हमले में एक ग्रामीण घायल हो गया। घायल को तत्काल जिला अस्पताल चम्पावत में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। हमले के बाद ग्रामीणों के शोर से घबराकर तेंदुआ एक घर में घुस गया। ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए बाहर से दरवाजा बंद कर तेंदुए को घर के भीतर ही रोक लिया और वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू अभियान चलाकर तेंदुए को सुरक्षित पकड़कर पिंजरे में कैद कर लिया गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल रहा। हालांकि वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे जंगली जानवरों के हमलों को देखते हुए ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और प्रभावी सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।

