चारधाम यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य सेवाओं की सख्ती से मॉनिटरिंग: सीएमओ ने किया सोनप्रयाग और गौरीकुंड का औचक निरीक्षण, सोनप्रयाग में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
![]() |
| सीएमओ ने किया निरीक्षण |
रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. पारूल गोयल ने सोनप्रयाग और गौरीकुंड चिकित्सा इकाइयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान गौरीकुंड चिकित्सा इकाई में साफ-सफाई की व्यवस्था कमजोर मिलने पर सीएमओ ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित जिम्मेदारों को तत्काल नियमित रूप से सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, अस्पताल में आने वाले श्रद्धालुओं की जरूरत को ध्यान में रखते हुए जीवनरक्षक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक हर समय उपलब्ध रखने के कड़े निर्देश दिए।
सोनप्रयाग चिकित्सा इकाई में तैनात चिकित्सा कर्मियों ने रात्रि सुरक्षा को लेकर अपनी चिंताएं साझा कीं, जिस पर सीएमओ ने त्वरित संज्ञान लिया। कर्मियों की सुरक्षा और अस्पताल परिसर की मॉनिटरिंग के लिए जल्द से जल्द सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान डॉ. पारूल गोयल ने यात्रा ड्यूटी में तैनात चिकित्सा स्टाफ के लिए की गई आवास और भोजन व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यात्रा काल के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और उन्हें उच्च कोटि की बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलना सर्वोच्च प्राथमिकता है।


Thank You