उत्तराखंड सरकारी स्कूलों के होनहारों का कमाल! मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा में आदित्य, तनीषा और सौरव ने लहराया सफलता का परचम
![]() |
| बच्चों का किया स्वागत |
बाड़ाछिना/अल्मोड़ा। सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कनारीपाभैं के छात्र आदित्य ऐरी, तनीषा और राजकीय जूनियर हाईस्कूल पापला के छात्र सौरव कलौनी ने विद्यालय, क्षेत्र और अपने परिजनों का नाम रोशन किया है। बच्चों की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्षोल्लास का माहौल है।
कनारीपाभैं और पापला के विद्यालयों में विद्यार्थियों के शानदार प्रदर्शन पर भव्य सम्मान समारोह आयोजित किए गए। इस दौरान अभिभावकों और स्कूली बच्चों ने तीनों सफल विद्यार्थियों का फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशियां मनाईं। समारोह में वक्ताओं ने बताया कि इन बच्चों की इस सफलता के पीछे शिक्षकों का कड़ा परिश्रम और उनका सही मार्गदर्शन है। प्राथमिक विद्यालय की एसएमसी अध्यक्ष मोनिका देवी ने ग्रामीण अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों को निजी स्कूलों के बजाय सरकारी विद्यालयों में प्रवेश दिलाएं, जहां योग्य शिक्षकों द्वारा बेहतरीन शिक्षा दी जा रही है।
सरकारी विद्यालयों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते अब अभिभावकों का रुझान तेजी से बदल रहा है, और कई छात्र निजी स्कूलों को छोड़कर सरकारी स्कूलों में प्रवेश ले रहे हैं। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा में चयनित होने वाले विद्यार्थियों को कक्षा 8 तक राज्य सरकार की ओर से कुल 25,200 रुपये की वित्तीय छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। विद्यालय के शिक्षकों के समेकित प्रयासों का ही परिणाम है कि अब तक कनारीपाभैं और पापला के विद्यालयों से कुल 6 बच्चे मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा तथा 9 बच्चे एनएमएमएसएस (NMMSS) परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके हैं।
राजकीय जूनियर हाईस्कूल पापला के छात्र सौरव कलौनी की सफलता का श्रेय ग्रामीणों और विद्यालय की प्रधानाध्यापिका निरंजना गुरुरानी व शिक्षक भूपेश पंत के मार्गदर्शन को दिया गया। प्रधानाध्यापिका निरंजना गुरुरानी ने सभी अभिभावकों से आगे भी बच्चों को सरकारी विद्यालयों में पढ़ाने और शासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं का पूरा लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस सम्मान समारोह के दौरान प्रधानाध्यापक हरीश चंद्र जोशी, विज्ञान शिक्षक नरेश पुनेठा, सहायक शिक्षक बलवंत सिंह भंडारी, प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका गीता प्रसाद, सहायक अध्यापिका भावना मेहता, एसएमसी अध्यक्ष मोनिका देवी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ज्योति ऐरी, रिंकी देवी, ममता देवी, सुमन देवी, प्रियंका देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक उपस्थित रहे।


Thank You