चंपावत-घाट-पनार हाईवे पर पहाड़ी से गिरा विशाल बोल्डर: ऑल्टो कार के उड़े परखच्चे, 1 की मौत, 4 गंभीर घायल
![]() |
| Car accident champawat |
चंपावत। उत्तराखंड में जारी मूसलाधार बारिश के बीच पहाड़ों से दरकते पत्थरों ने एक बार फिर खौफनाक रूप ले लिया है। सोमवार दोपहर चंपावत जिले के घाट-पनार राष्ट्रीय राजमार्ग पर मसान बाबा मंदिर के पास पहाड़ी से अचानक गिरे एक विशालकाय बोल्डर ने चलती कार को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह से ही मलबा आने के कारण घाट-पनार हाईवे बाधित था। दोपहर करीब 12 बजे जैसे ही मार्ग को यातायात के लिए खोला गया और फंसे वाहनों की आवाजाही शुरू हुई, तभी अचानक पहाड़ी से बोल्डर और मलबे की बारिश होने लगी। टिम्टा से पिथौरागढ़ जा रही ऑल्टो कार (UK 05TA 2878) बोल्डर की सीधी जद में आ गई और पूरी तरह पिचक गई। हादसे में कार चालक किस्मत से बाल-बाल बच गया।
टक्कर इतनी भयानक थी कि कार में सवार दो यात्री वाहन के भीतर ही फंस गए, जबकि दो अन्य यात्री छिटककर नीचे उफनती सरयू नदी के किनारे जा गिरे। नदी के तेज बहाव और लगातार गिरते पत्थरों के बीच स्थानीय होटल स्वामी पप्पू सामंत, श्याम सिंह सामंत, मदन सामंत और लाल सिंह सामंत ने अदम्य साहस का परिचय दिया। उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर प्रशासन के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया और घायलों को नदी के तेज बहाव में बहने से पहले सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
हादसे के शिकार (सभी निवासी: ग्राम टिम्टा, गंगोलीहाट, पिथौरागढ़): मृतक: संदीप कुमार (35), पुत्र भवानी राम (अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत) गंभीर घायल: सुनील कुमार (23), राहुल कुमार, मनोहर लाल और सुभाष राम
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशों पर एसडीएम लोहाघाट नीतू डांगर, तहसीलदार मोहिउद्दीन और राजस्व व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी ने बताया कि एक व्यक्ति को मृत अवस्था में लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल एक मरीज को जिला अस्पताल और दो अन्य को पिथौरागढ़ अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

