Pithoragarh: मुनस्यारी की ओर जा रही कार गहरी खाई में गिरी, 3 लोगों की मौत Car Accident Pithoragarh
![]() |
| Car accident Pithoragarh |
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है, जहां रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों के चिराग बुझा दिए। बंगापानी क्षेत्र के उमरगड़ा के पास एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर करीब 25 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली नंबर की यह इनोवा कार पिथौरागढ़ से मुनस्यारी की ओर जा रही थी। सुबह करीब 11 बजे अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सीधे खाई में जा समाई। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत कार्य शुरू किया।
इस भीषण दुर्घटना में आयुष पंत, लच्छू नेगी और अंकित पांडेय की जान चली गई। वहीं, देवेंद्र पंत गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में शामिल आयुष पंत के बारे में बताया जा रहा है कि उन्होंने कानून की पढ़ाई की थी और वे लंदन में कार्यरत थे। वे बीते 16 फरवरी को ही घर आए थे और अपने नए जिम का काम देख रहे थे। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी सांसें थम गईं।
हादसे की सूचना मिलते ही मदकोट पुलिस, राजस्व विभाग और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर खाई से घायलों और शवों को बाहर निकाला गया। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। पहाड़ी रास्तों पर सुरक्षा और सावधानी को लेकर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।

