Header Ad

उत्तराखंड में लगातार बढ़ती बारिश से हो रहे नुकसान का मुख्यमंत्री ने जायजा लिया तथा आपदा पीड़ितों को आर्थिक सहायता देने की भी बात कही

उत्तराखंड में आपदा

        देहरादून : आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय स्थित राज्य आपदा कंट्रोल रूम जाकर प्रदेश में बारिश से हुए नुकसान की जानकारी ली। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अतिवृष्टि से हुए नुकसान से प्रभावितों को मानकों के अनुसार जल्द अनुमन्य सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री धामी ने सभी जिलाधिकारियों को अतिवृष्टि से किसानों के हुए नुकसान का आकलन कर जल्द रिपोर्ट भेजे जाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारी चमोली एवं रुद्रप्रयाग को फोन कर निर्देश दिए कि यात्रा मार्गों पर फंसे यात्रियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों में सेना के तीन हेलीकॉप्टर लगाये गए हैं। अतिवृष्टि से हुए नुकसान की भरपाई के लिए सरकार द्वारा तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री धामी हवाई सर्वेक्षण करते हुये

मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया

         मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. धन सिंह रावत व डीजीपी अशोक कुमार भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहे। हवाई सर्वेक्षण के बाद मुख्यमंत्री धामी ने रुद्रप्रयाग में जिलाधिकारी से जिले की स्थिति व यात्रा की भी जानकारी ली। साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार अतिवृष्टि के कारण आई आपदा से निपटने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है, आप सभी धैर्य रखें। हम सभी साथ मिलकर प्रदेश को इस कठिन परिस्थिति से बाहर निकालेंगे।