Header Ad

Bageshwar News: डीएम अपूर्वा पाण्डे ने किया 52 किमी का कठिन पिंडारी ग्लेशियर ट्रेक, सुरक्षा और पर्यटन सुविधाओं का लिया जायजा

डीएम अपूर्वा पाण्डे ने किया 52 किमी का कठिन पिंडारी ग्लेशियर ट्रेक, सुरक्षा और पर्यटन सुविधाओं का लिया जायजा

​

DM Apurva Pandey


पिंडारी ग्लेशियर ट्रेक को देश-विदेश के पर्यटकों के लिए और अधिक सुरक्षित, सुगम एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे के नेतृत्व में प्रशासनिक और विभिन्न विभागों की एक संयुक्त टीम ने खाती गांव से पिंडारी ग्लेशियर जीरो पॉइंट तक के लगभग 52 किलोमीटर (आना-जाना) लंबे पैदल ट्रेक का स्थलीय निरीक्षण किया।
​इस कठिन ट्रेकिंग अभियान के दौरान डीएम ने मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था, मूलभूत सुविधाओं और पर्यटन संभावनाओं का बारीकी से जायजा लिया।

​निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ट्रेक मार्ग पर मौजूद संवेदनशील और खतरनाक स्थलों का जायजा लिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुधार कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र कराएं, ताकि पर्यटकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

​पर्यटकों और स्थानीय ग्रामीणों से सीधा संवाद

​डीएम अपूर्वा पाण्डे ने ट्रेक के दौरान रास्ते में मिले पर्यटकों से बातचीत कर उनके अनुभव और सुझाव जाने। साथ ही, स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पर्यटन के माध्यम से स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर बढ़ाने पर जोर दिया।
​पर्यावरण संरक्षण की पहल: जिलाधिकारी ने स्थानीय स्वयं सहायता समूहों (SHG) के माध्यम से 'रिंगाल' से बने पर्यावरण-अनुकूल साइनबोर्ड तैयार करवाने के निर्देश दिए, ताकि प्लास्टिक मुक्त ट्रेक का संदेश दिया जा सके।

​जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी कपकोट को निर्देश दिए कि वे संपूर्ण ट्रेक मार्ग का एक विस्तृत मैनुअल (Manual) तैयार करें। इस मैनुअल में ट्रेक रूट, प्रमुख पड़ाव, उपलब्ध संसाधनों, और आपदा प्रबंधन के दौरान उपयोगी सभी महत्वपूर्ण जानकारियों का समावेश होना चाहिए। इसके अलावा, उन्होंने सुंदरढूंगा और कफनी ग्लेशियर ट्रेक मार्गों का भी तकनीकी निरीक्षण कर सुरक्षा और सुगमता के लिए रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

​जिलाधिकारी ने कहा कि बागेश्वर जिले में ट्रेकिंग मार्गों की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक पर्यटन सुविधाओं को मजबूत करके इसे देश के प्रमुख साहसिक पर्यटन गंतव्य (Adventure Tourism Destination) के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.