लीती भगवती मंदिर से नंदा कुंड के लिए रवाना हुई जात यात्रा, 18 सितंबर को निकलेगी भव्य ब्रह्मकमल यात्रा
![]() |
| ब्रह्मकमल जात यात्रा |
कपकोट (बागेश्वर)। जनपद के कपकोट तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्रसिद्ध ग्राम सभा लीती में हर तीसरे वर्ष आयोजित होने वाले पारंपरिक 'आठों मेले' के तहत धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए हैं। इसी क्रम में आज ग्राम सभा लीती स्थित भगवती मंदिर से पवित्र नंदा कुंड यात्रा का उत्साह और परंपरा के साथ प्रस्थान हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार, इस धार्मिक और सांस्कृतिक यात्रा के लिए 21 जात यात्रियों का दल आज सुबह नंदा कुंड की ओर रवाना हुआ। क्षेत्र के लोगों में इस यात्रा को लेकर गहरी आस्था और उत्साह देखा जा रहा है।
18 सितंबर को निकलेगी भव्य ब्रह्मकमल यात्रा
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, जात यात्री नंदा कुंड में विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद वहाँ से पवित्र ब्रह्मकमल लेकर आगामी 18 सितंबर को वापस लीती के 'लाटू पौड' पहुंचेंगे। आयोजकों ने बताया कि 18 सितंबर को दोपहर 3 बजे लाटू पौड से मां भगवती मंदिर तक एक भव्य ब्रह्मकमल यात्रा निकाली जाएगी। माता के जयकारों के साथ गूंजने वाले इस यात्रा मार्ग पर हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इस आयोजन से पूरे क्षेत्र में भक्तिमय और उत्सव का माहौल बना हुआ है।


Thank You