Header Ad

बागेश्वर: भटखोला GIC के प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद

बागेश्वर: भटखोला GIC के प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद


दया नंद टम्टा


बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां राजकीय इंटर कॉलेज (GIC) भटखोला के प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर मुख्य आरोपी प्रशासनिक अधिकारी नवल किशोर सोराड़ी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।

क्या है पूरा मामला?

​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार सुबह करीब 7:00 बजे की है। थाना झिरौली क्षेत्र के अंतर्गत जीआईसी भटखोला के समीप कॉलेज के ही प्रशासनिक अधिकारी नवल किशोर सोराड़ी ने प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा पर अचानक चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।

​हमले में प्रधानाचार्य गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल बागेश्वर ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से शिक्षा विभाग और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

मुकदमा दर्ज: मृतक प्रधानाचार्य के भाई और इसी स्कूल के शिक्षक गोकुल चंद्र की तहरीर पर थाना झिरौली में आरोपी के खिलाफ एफआईआर संख्या 10/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और एससी/एसटी एक्ट (SC/ST Act) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।


फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत

​मामले की गंभीरता को देखते हुए अल्मोड़ा की फॉरेंसिक टीम और बागेश्वर फॉरेंसिक यूनिट ने तुरंत घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस को घटनास्थल के पास से ही हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद करने में सफलता मिली है।

यात्री शेड से दबोचा गया आरोपी

​हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस उपाधीक्षक कपकोट के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने 44 वर्षीय आरोपी नवल किशोर सोराड़ी (निवासी: ग्राम पाटी, जनपद चंपावत, हाल प्रशासनिक अधिकारी, GIC भटखोला) को करालागांव यात्री शेड, बागेश्वर रोड से दबोच लिया।

पुलिस की कार्रवाई जारी

​बागेश्वर पुलिस के अनुसार, आरोपी को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि हत्याकांड के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए मामले की निष्पक्ष और गहन जांच जारी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.