ग्रामीणों को डीएम मनीष कुमार की बड़ी सौगात, अब रोजाना पटवारी चौकी में मिलेंगे पटवारी, सुबह 10 से 12 बजे तक चौकी में रहना होगा अनिवार्य, लापरवाही पर होगी कार्रवाई; प्रमाण पत्र और राजस्व कार्यों में मिलेगी राहत।
![]() |
| डीएम मनीष कुमार |
चम्पावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही एक बड़ी समस्या का समाधान करते हुए सभी राजस्व उपनिरीक्षकों (पटवारियों) को प्रत्येक कार्य दिवस पर सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक अपनी-अपनी पटवारी चौकी में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। डीएम के इस फैसले से अब ग्रामीणों को पटवारी की तलाश में इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा और उनके राजस्व संबंधी कार्य समय पर हो सकेंगे। जिलाधिकारी के संज्ञान में आया था कि जनपद के कई ग्रामीण क्षेत्रों में पटवारी चौकियां होने के बावजूद उनमें नियमित रूप से पटवारी मौजूद नहीं रहते थे। इसके चलते आय, जाति, निवास, चरित्र प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक राजस्व कार्यों के लिए लोगों को अनावश्यक दौड़-धूप करनी पड़ती थी। कई छात्रों के प्रमाण पत्र समय पर नहीं बन पाने से उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं और प्रवेश प्रक्रियाओं में भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
डीएम मनीष कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी पटवारी निर्धारित समय में अपनी चौकी में उपस्थित रहकर जनता की समस्याओं का समाधान करें। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था का सत्यापन स्वयं ग्रामीणों से भी कराया जाएगा और यदि किसी स्तर पर लापरवाही या आदेशों की अनदेखी पाई गई तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ तत्काल प्रभाव से अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी जिलाधिकारी के इस निर्णय का ग्रामीणों ने स्वागत किया है। पुष्पा देवी, मीना देवी, धारी देवी तथा सेवानिवृत्त शिक्षक चंद्रशेखर जोशी सहित अनेक लोगों ने कहा कि जिला प्रशासन ने जनता की समस्या को गंभीरता से लेते हुए त्वरित निर्णय लिया है। इससे ग्रामीणों का समय और पैसा दोनों बचेंगे तथा राजस्व संबंधी कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही भी बढ़ेगी।

