सेल्फी लेने के दौरान खाई में गिरा युवक, पोखरी पुलिस ने किया सकुशल रेस्क्यू
![]() |
| घायल युवक |
चमोली। पोखरी-गुनियालाधार सड़क मार्ग पर सेल्फी लेने के दौरान एक युवक अचानक संतुलन बिगड़ने से गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलते ही पोखरी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक का सफल रेस्क्यू कर उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार 29 मई 2026 को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि एक युवक सेल्फी लेते समय खाई में गिर गया है। सूचना पर थाना पोखरी से अपर उपनिरीक्षक दलवीर सिंह, चीता मोबाइल हेड कांस्टेबल जसवंत सिंह मय पुलिस फोर्स एवं आपदा प्रबंधन उपकरणों के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।
कॉलर रवि जोशी पुत्र सुरेश चंद्र जोशी निवासी बिंदुखत्ता, थाना लालकुआं, जिला नैनीताल ने पुलिस को बताया कि उनका दोस्त कुशाल सिंह भंडारी पुत्र चंदन सिंह भंडारी निवासी बिंदुखत्ता, थाना लालकुआं, जिला नैनीताल, पोखरी-गुनियालाधार सड़क किनारे सेल्फी ले रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह गहरी खाई में गिर गया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू अभियान चलाया और युवक को सकुशल खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद एंबुलेंस की सहायता से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया। चिकित्सा अधिकारियों के अनुसार युवक के चेहरे और सिर पर हल्की चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद युवक को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।

