बारिश से फिसलन बनी हादसे की वजह, हायर सेंटर रेफर; केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने अस्पताल पहुंचकर जाना हालचाल
![]() |
| Accident news |
चम्पावत जनपद के बाराकोट ब्लॉक अंतर्गत धटीगांव के बसौटी क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बारिश के कारण सड़क पर कीचड़ और फिसलन होने से एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में ग्राम प्रधान और उसका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, धटीगांव के ग्राम प्रधान नवीन राम (44 वर्ष) पुत्र महेश राम तथा उनका पुत्र सुनील राम (18 वर्ष) कार संख्या UK03-2484 से लोहाघाट से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बसौटी के पास वाहन फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपनी जान जोखिम में डालकर दोनों घायलों को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें निजी वाहन से उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट पहुंचाया गया। राहत एवं बचाव कार्य में ललित सिंह, हरीश, सुरेश, गोपाल सिंह, सुमन, भावना और चंदू बोरा ने सराहनीय भूमिका निभाई।
उप जिला चिकित्सालय में सीएमएस डॉ. विराज राठी के नेतृत्व में डॉ. राजीव चौहान, डॉ. वीरेंद्र बोरा और डॉ. हिमांशु चौहान ने घायलों का उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार नवीन राम के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि उनके पुत्र सुनील राम की छाती की कई पसलियां टूट गई हैं। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने एयरलिफ्ट की भी तैयारी कर ली थी। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर इसकी व्यवस्था की गई, लेकिन चिकित्सकों की सलाह के बाद दोनों घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय दौरे पर आए केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने परिजनों को हर संभव सरकारी सहायता का भरोसा दिलाते हुए बेहतर उपचार के लिए तत्काल हायर सेंटर भेजने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम नीतू डांगर, विधायक खुशाल सिंह अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, भाजपा नेता सतीश चंद्र पांडे, सामाजिक कार्यकर्ता सचिन जोशी, मोहित पाठक सहित कई लोग अस्पताल में मौजूद रहे।

