हल्द्वानी की चर्चित यूट्यूबर और व्लॉगर ज्योति अधिकारी एक बार फिर कानूनी विवादों में घिर गई हैं। ताज़ा जानकारी के मुताबिक, उनके खिलाफ एक और एफआईआर दर्ज की गई है, जिसमें उनके पति और 10 अन्य लोग भी शामिल हैं।
![]() |
| Jyoti Adhikari Yotuber Haldwani |
हल्द्वानी: सोशल मीडिया पर अपने विवादित बयानों और हरकतों के लिए चर्चा में रहने वाली व्लॉगर ज्योति अधिकारी एक बार फिर पुलिसिया कार्रवाई के घेरे में हैं। काठगोदाम पुलिस ने ज्योति अधिकारी, उनके पति गोपाल अधिकारी और अन्य 10 लोगों के खिलाफ दंगा भड़काने की साजिश, मारपीट और धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला हल्द्वानी के चौपाटी बाजार का है। व्लॉगर सुनीता भट्ट ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि 11 मार्च की शाम ज्योति अधिकारी अपने पति और साथियों के साथ उनकी दुकान (फूड स्टॉल) पर पहुँचीं। आरोप है कि वहां ज्योति और उनके साथियों ने सुनीता के साथ गाली-गलौज और मारपीट की, साथ ही दुकान के सामान में तोड़फोड़ भी की। सुनीता भट्ट का यह भी आरोप है कि उन्हें और उनकी 7 साल की बेटी को उठाने और जान से मारने की धमकी दी गई।
विवादों से पुराना नाता
ज्योति अधिकारी के लिए यह कोई पहला मामला नहीं है। पिछले तीन महीनों के भीतर उन पर दर्ज यह आठवां मुकदमा है। हाल ही में कुमाऊं की महिलाओं और देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में वह जेल भी जा चुकी हैं। बुधवार को पुलिस ने शांति भंग के आरोप में ज्योति और सुनीता भट्ट दोनों का चालान किया था, लेकिन अब गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज होने से उनकी मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
पुलिस की कार्रवाई
काठगोदाम थाना पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 191(2), 324(4) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जल्द ही सभी आरोपियों को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाएगी और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। सोशल मीडिया पर 'दरांती' लहराने और 'पहाड़ी संस्कृति' पर टिप्पणी कर चर्चा में आई ज्योति अधिकारी का जेल से बाहर आने के बाद दोबारा विवादों में पड़ना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

