Header Ad

लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी के जन्मदिन पर लोकगायकों के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने किया ऐलान

            प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम आवास में प्रसिद्ध लोकगायक एवं गीतकार गढ़ रत्न नरेंद्र सिंह नेगी को 73वे जन्मदिवस पर मुलाकात करते हुए नेगी को जन्मदिन की बधाई दी। जीवन दर्शन, कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर आधारित पुस्तक ‘सृजन से साक्षात्कार’ का विमोचन भी किया।

           मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से उन्हें पद्म पुरस्कार से सम्मानित करने के लिए भारत सरकार को संस्तुति प्रेषित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि समृद्ध लोक संस्कृति एवं सामाजिक सरोकारों को अपने गीतों एवं संगीत के माध्यम से देश एवं दुनिया तक पहुंचाने का कार्य नरेंद्र सिंह नेगी जी ने किया है। नेगी जी वास्तव में समाज के सफल नायक के रूप में रहे हैं। उनके गीत राज्यवासियों को अपनी परंपराओं से जोड़ने में मददगार रहे हैं। नेगी जी ने गढ़वाल, कुमाऊं, जौनसार क्षेत्र ही नहीं बल्कि पूरे उत्तराखंड की लोक संस्कृति को बढ़ावा देने का कार्य किया है। उत्तराखंड की एक नई पहचान बनायी है। 

नरेंद्र सिंह नेगी को जन्मदिन की बधाई देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर धामी

         मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि नेगी जी अपनी विशिष्ट रचना धर्मिता से समाज को और बेहतर दिशा देने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि नेगी जी ने अपनी रचनाओं के माध्यम से सही को सही और गलत को गलत बताने का भी संदेश दिया। ऐसे प्रयासों की समाज को जरूरत भी रहती है।

           मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की है कि लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी, मोहन उप्रेती, गिरीश तिवारी गिरदा, हीरा सिंह राणा, शमशेर सिंह, जीत सिंह नेगी, चंद्र सिंह राही सहित प्रदेश के अन्य प्रमुख लोक संस्कृति के रचनाकारों, लोकगायकों के जीवन परिचय एवं रचनाओं का अभिलेखीकरण कर पुस्तक के रूप में प्रकाशित किया जाएगा। यह कार्य सूचना विभाग अथवा संस्कृति विभाग द्वारा किया जाएगा। 

              इस अवसर पर उच्च शिक्षा एवं चिकित्सा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने भी लोक संस्कृति को बढ़ावा देने में नरेंद्र सिंह नेगी के प्रयासों की सराहना की। वहीं नरेंद्र सिंह नेगी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के चेहरे पर मुस्कराहट लाने का प्रयास जारी रहेगा। नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि सदैव प्रयास रहा कि प्रदेश के बाहर नहीं अपने प्रदेश में रहकर अपने लोगों की दुस्वारियों एवं पीड़ा को समाज के सामने ला सकूं। जो भविष्य में भी वे अपने गीतों के माध्यम से समाज की सेवा कर सकूँ।

          इस अवसर पर डा. योगेश धस्माना, डा. नंद किशोर हटवाल, गणेश खुगसाल गणी, संजय दरमोड़ा ने भी नेगी जी के कृतित्व एवं व्यक्तिव पर प्रकाश डाला तथा उन्हें शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर रामचरण जुयाल, ओपी बेंजवाल, मनोज इष्टवाल,  दिनेश शास्त्री, विपिन बलूनी, कीर्ति नवानी के साथ बड़ी संख्या में संस्कृति व सामाजिक सरोकारों से जुड़े लोग इस अवसर पर उपस्थित थे। उपस्थित सभी लोगों ने नरेन्द्र सिंह नेगी को जन्मदिन की बधाई दी।