Header Ad

Pithoragarh News: 12 कुमाऊं रेजीमेंट के जवान महिमन सिंह चुफाल का निधन, 8 दिसंबर को बजनी थीं शहनाइयां; मातम में बदला परिवार

पिथौरागढ़ सड़क हादसा: 12 कुमाऊं रेजीमेंट के जवान महिमन सिंह चुफाल का निधन, 8 दिसंबर को बजनी थीं शहनाइयां; मातम में बदला परिवार

जवान शहीद महिमन चुफाल


​पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ में रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल सेना के जवान महिमन सिंह चुफाल ने बुधवार देर रात लखनऊ में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है। बता दें कि जवान महिमन सिंह की आगामी 8 दिसंबर को शादी होनी थी, जिसके चलते घर में जोरदार तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस अनहोनी ने सारी खुशियों को मातम में बदल दिया।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात हुए इस भयानक हादसे में 20 वर्षीय छात्र धीरज भट्ट की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, बुलेट बाइक पर सवार सेना के दो जवान—28 वर्षीय महिमन सिंह चुफाल और राजेश रावत गंभीर रूप से घायल हो गए थे। महिमन भारतीय सेना की 12 कुमाऊं रेजीमेंट में तैनात थे। हादसे के तुरंत बाद दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां हालत गंभीर होने पर महिमन को लखनऊ रेफर किया गया था। इलाज के दौरान बुधवार देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली। हादसे में घायल दूसरे जवान राजेश रावत का उपचार जारी है। ग्राम प्रधान किशन सिंह कार्की ने जानकारी दी कि महिमन सिंह का परिवार मूल रूप से पिथौरागढ़ के हुबली गांव का रहने वाला है और वर्तमान में नलई गांव में रह रहा है। उनके पिता रमेश सिंह चुफाल एक कंपनी में काम करते हैं। परिवार में माता-पिता और एक भाई हैं। हंसते-खेल्ते परिवार पर अचानक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

​परिवार में महिमन की शादी की तारीख 8 दिसंबर तय होने के कारण जश्न का माहौल था। घर के लोग मेहमानों को न्योता देने और तैयारियों में जुटे थे। लेकिन जवान की शहादत व निधन की खबर मिलते ही नलई गांव सहित पूरे पिथौरागढ़ में शोक की लहर दौड़ गई। सांत्वना देने वालों का तांता घर पर लगा हुआ है। ​परिजनों के मुताबिक, जवान महिमन सिंह चुफाल का पार्थिव शरीर देर रात तक उनके पैतृक आवास पहुंचने की उम्मीद है। शुक्रवार को उनका पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.