अल्मोड़ा की बेटी की गुरुग्राम में गई जिंदगी, मानेसर में सड़क पार करते वक्त तेज रफ्तार कार ने कुचला, सहेली गंभीर रूप से घायल
![]() |
| फाइल फोटो |
अल्मोड़ा । उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। हरियाणा के गुरुग्राम में सड़क हादसे का शिकार हुई अल्मोड़ा की 24 वर्षीय युवती पूजा बिष्ट की दर्दनाक मौत हो गई है। इस भीषण हादसे में उनकी सहेली अनुराधा भी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। बेटी की अचानक मौत की खबर मिलते ही पैतृक गांव और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका पूजा बिष्ट गुरुग्राम के हीरानगर इलाके में अपने भाई के साथ रहकर नौकरी कर रही थी। वह अपनी सहेली अनुराधा के साथ मानेसर स्थित 'फ्रेश ओके स्टोर' में काम करती थीं। घटना वाले दिन सुबह करीब 9:30 बजे दोनों युवतियां मानेसर पहुंचीं। बस स्टैंड से पहले एक ऑटोमोबाइल शोरूम के सामने बस से उतरने के बाद वे धारूहेड़ा से गुरुग्राम जाने वाली सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवतियां सड़क पर जा गिरीं।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए और दोनों घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल पहुँचाया। डॉक्टरों ने जाँच के बाद पूजा बिष्ट को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल अनुराधा को प्राथमिक उपचार के बाद ईएसआई (ESI) अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस अज्ञात तेज रफ्तार कार और उसके चालक की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। अल्मोड़ा की बेटी की इस तरह अचानक हुई असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और हर कोई स्तब्ध है।


Thank You