Header Ad

श्रीनगर की दिया पंवार ने मिस उत्तराखंड-2026 में लहराया परचम, दो खिताब किए अपने नाम

मिस पौड़ी गढ़वाल-2026 और मिस मीडिया च्वाइस-2026 का ताज जीतकर बढ़ाया क्षेत्र का मान, मॉडलिंग और अभिनय में करियर बनाने का सपना

Deeya panwar  miss Uttarakhand 


श्रीनगर गढ़वाल। प्रतिभा, आत्मविश्वास और मेहनत के दम पर श्रीनगर गढ़वाल की दिया पंवार ने मिस उत्तराखंड-2026 प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। ब्राह्मण मोहल्ला निवासी दिया ने प्रतियोगिता में मिस पौड़ी गढ़वाल-2026 और मिस मीडिया च्वाइस-2026 के दो खिताब अपने नाम किए। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। मिस उत्तराखंड-2026 प्रतियोगिता का आयोजन सिनमिट कम्युनिकेशन की ओर से किया गया था। इस प्रतिष्ठित मंच पर दिया ने अपनी प्रतिभा, व्यक्तित्व और आत्मविश्वास से अपनी अलग पहचान बनाई। दिया को बचपन से ही मॉडलिंग और अभिनय में विशेष रुचि रही है। इसी रुचि को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने पढ़ाई के साथ सौंदर्य प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।


दिया ने हाईस्कूल की पढ़ाई सेंट थेरेसा कॉन्वेंट स्कूल से पूरी की, जबकि इंटरमीडिएट की शिक्षा चौरास स्थित रेनबो पब्लिक स्कूल से प्राप्त की। वर्तमान में वह देहरादून में कॉलेज की पढ़ाई कर रही हैं। पढ़ाई के साथ अपने सपनों को साकार करने की दिशा में उनका यह प्रयास युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। दिया ने बताया कि इस सफर में उनके परिवार ने हमेशा उनका साथ दिया। परिवार के सहयोग और प्रोत्साहन ने उन्हें प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का हौसला दिया। उनके परिजनों के लिए यह गर्व का क्षण है कि उनकी बेटी ने इतने बड़े मंच पर पहुंचकर अपनी पहचान बनाई और दो खिताब हासिल किए।


दिया के पिता ताजवर सिंह पंवार, माता बबीता पंवार और दादा द्वारिका सिंह पंवार हैं। उनके दादा की गुरुद्वारा रोड पर देवश्री स्वीट शॉप के सामने 'दिल्ली टेलर्स' नाम से दुकान है। दिया की इस उपलब्धि पर परिजनों और शुभचिंतकों ने खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। दिया अब मॉडलिंग और अभिनय के क्षेत्र में आगे बढ़कर अपनी प्रतिभा को नई पहचान देना चाहती हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.