कपकोट के बैसानी (लामाबगड़) में ग्रामीणों को मिली डिजिटल सौगात, BSNL 4G टावर का हुआ शिलान्यास
![]() |
| भूमि पूजन करते विधायक व ग्रामीण |
कपकोट: विधानसभा क्षेत्र कपकोट के अंतर्गत कनलगड़ घाटी के ग्राम बैसानी (लामाबगड़) में अब संचार व्यवस्था सुदृढ़ होने जा रही है। क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करते हुए कपकोट विधायक सुरेश गढ़िया ने ग्राम वासियों की उपस्थिति में BSNL 4G मोबाइल टावर निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया।
डिजिटल भारत से जुड़ने की दिशा में बड़ा कदम
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुरेश गढ़िया ने कहा कि यह टावर क्षेत्रवासियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि बेहतर दूरसंचार सुविधा और तेज इंटरनेट कनेक्टिविटी आज की बुनियादी जरूरत है। इस टावर के निर्माण से विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई, व्यापारियों के कार्य और किसानों को सूचनाओं के आदान-प्रदान में बड़ी सहूलियत मिलेगी। साथ ही, आपातकालीन स्थितियों में संपर्क साधना आसान होगा, जिससे दूरस्थ क्षेत्र के लोग डिजिटल भारत की मुख्यधारा से और मजबूती के साथ जुड़ सकेंगे।
'विकास हमारा संकल्प'
विधायक ने दोहराया कि कपकोट के प्रत्येक गांव तक विकास की किरण पहुंचाना और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनका प्राथमिक संकल्प है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं और जनसेवा का यह कार्य आगे भी इसी प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेगा।इस महत्वपूर्ण अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों का उत्साह देखने लायक था। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान देवेन्द्र गढ़िया, शक्ति केंद्र संयोजक पूर्व ग्राम प्रधान सुरेन्द्र गढ़िया, प्रकाश बिष्ट, गिरीश गढ़िया, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य हीरा सिंह बघरी, मण्डल महामंत्री देवेन्द्र गढ़िया, विपिन बिष्ट, किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष दिनेश गढ़िया, चन्द्र सिंह कपकोटी, दीपक खेतवाल, तारा सिंह बघरी और बलवंत बघरी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और ग्रामीण उपस्थित रहे।

