Header Ad

बागेश्वर की दो साहसी महिलाओं को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया सम्मानित, गुलदार के हमले का अदम्य साहस से किया था सामना

बागेश्वर की दो साहसी महिलाओं को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया सम्मानित, गुलदार के हमले का अदम्य साहस से किया था सामना


सीएम धामी ने किया सम्मानित


​बागेश्वर: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने वन्यजीव सप्ताह-2026 के अवसर पर बागेश्वर जिले की दो साहसी महिलाओं को उनकी अदम्य वीरता, सूझबूझ और आत्मरक्षा के लिए सम्मानित व पुरस्कृत किया है। यह सम्मान समारोह 01 अक्टूबर 2026 को देहरादून स्थित FRI (वन अनुसंधान संस्थान) के ICFRE सभागार में आयोजित किया गया। मामला बागेश्वर वन प्रभाग के गरुड़ तहसील अंतर्गत ग्राम पाटली का है। बीते 03 सितम्बर 2026 को गांव की रहने वाली श्रीमती प्रेमा जोशी (पत्नी श्री हेम चन्द्र जोशी) अपने खेत में कृषि कार्य कर रही थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे एक गुलदार ने उन पर अचानक हमला कर दिया। अप्रत्याशित हमले के बावजूद प्रेमा जोशी ने आपा नहीं खोया और सूझबूझ दिखाते हुए शोर मचाया तथा हाथ में मौजूद दरांती से गुलदार का डटकर मुकाबला किया।
​
प्रेमा जोशी की चीख-पुकार सुनकर पास के खेत में काम कर रही उनकी सहयोगी श्रीमती हेमा जोशी (पत्नी श्री विपिन चन्द्र जोशी) बिना अपनी जान की परवाह किए तुरंत मौके पर पहुंचीं। हेमा जोशी ने भी हिम्मत दिखाते हुए ज़ोर-ज़ोर से शोर मचाकर गुलदार का प्रतिरोध किया। दोनों महिलाओं के संगठित साहस और कड़े प्रतिरोध के आगे गुलदार डरकर जंगल की ओर भाग खड़ा हुआ और दोनों महिलाएं सुरक्षित बच गईं।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों महिलाओं के साहस, धैर्य और आत्मविश्वास की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह सम्मान विपरीत परिस्थितियों में धैर्य और सूझबूझ से काम लेने की प्रेरणा देता है।
​इस उपलब्धि पर प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) बागेश्वर श्री प्रकाश चन्द्र आर्य और उप-प्रभागीय वनाधिकारी ने दोनों महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मानव-वन्यजीव संघर्ष की चुनौतियों के बीच इनका साहस पूरे समाज के लिए एक मिसाल और प्रेरणास्रोत है। बागेश्वर वन प्रभाग ने भी दोनों साहसी महिलाओं के इस जज्बे को नमन करते हुए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.